शुक्रवार, 18 जून 2010

दाल वाली पूड़ी


सामग्री-
1/2 कप काली उड़द की दाल, 1/2 टी स्पून कलौंजी, 2 चुटकी हींग, 2 कप गेहूं का आटा, 1 टी स्पून तेल, नमक स्वादानुसार।
अन्य सामग्री: तलने के लिए तेल।

विधि-
दाल को साफ कर धो लें और दो से तीन घंटे के लिए पानी में भिगो दें। फिर पानी अच्छी तरह निकाल लें। चौथाई कप पानी में उड़द दाल मिश्रण डाल कर महीन पेस्ट बना लें।
अब इसमें कलौंजी, हींग, गेहूं का आटा और नमक डाल कर अच्छे से गूंथ लें। तत्पश्चात थोड़ा तेल डालकर एक बार फिर गूंथ लें। आटे को गीले कपड़े से ढक कर दस मिनट रखा रहने दें। अब इस आटे की लोई बनाकर बेल लें। फिर कड़ाही में तेल गर्म कर बेली गई पूड़ी को दोनों तरफ हल्की सुनहरी होने तक तल लें। शेष भागों की लोई बना उनके साथ भी यही प्रक्रिया अपनाएं। इनका अतिरिक्त घी सोख्ता कागज पर निकाल कर सोख लें। फिर दही वाले आलू के साथ गर्मागर्म परोंसे।

गुरुवार, 17 जून 2010

कड़ाही मशरूम


सामग्री-
200 ग्राम मशरूम, 1 शिमला मिर्च, 2 प्याज, 4 टमाटर, 1 टुकड़ा अदरक, 5-6 लहसुन की कलियां, 2 हरी मिर्च, 1 टी स्पून नमक, 1/2 टी स्पून लाल मिर्च पाउडर, 1 टी स्पून धनिया पाउडर, 1/4 टी स्पून हल्दी पाउडर, 1/2 टी स्पून गरम मसाला, 4 टी टे.स्पून घी।

विधि-
मशरूम को लम्बे टुकड़ों में काट लें। शिमला मिर्च को चौकोर टुकड़ों में काट लें। प्याज और टमाटर को बारीक काट लें। अदरक, लहसुन और हरी मिर्च को पीस लें।
एक कड़ाही में घी गरम करें अब इसमें प्याज डालकर गुलाबी होने तक फ्राई करें। अब इसमें अदरक लहसुन का पेस्ट डालकर भून लें। टमाटर डालकर तब तक भूनते रहे जब तक मसाला तेल न छोड़ दे। अब इसमें नमक, लाल मिर्च, धनिया और हल्दी पाउडर डाल कर भून लें।
मशरूम डालकर 1/4 कप पानी डालकर धीमी आंच पर पकने दें। जब मशरूम नरम हो जाये तो उसमें शिमला मिर्च डालकर 2-3 मिनट तक पकाये और आंच से उतार लें। गरम मसाला डालकर
गर्मागर्म कड़ाही मशरूम नान पराठे के साथ सर्व करें।

बुधवार, 16 जून 2010

कर्ड राइस

सामग्री-
2 कप चावल, 2 कप दही, 1 कप पानी, 1 टी स्पून सरसों के दाने, 1 टीस्पनू चने की दाल, 5-6 करी पत्ते, 1 टी स्पून उड़द की दाल, 3-4 साबुत लाल मिर्च, 2 हरी मिर्च,1 टुकड़ा अदरक, 1 टे.स्पून तेल, नमक स्वादानुसार, थोड़ा सा हरा धनिया।

विधि-
चावल को उबाल लें। दही में पानी मिलाकर अच्छी तरह फेंटकर इसमें उबले हुए चावल मिला दें।
अब एक कड़ाही में तेल डालकर गरम करें। जब तेल गरम हो जाये तो उसमे सरसों के दाने, करी पत्ता, चने की दाल, उड़द की दाल, साबुत लाल मिर्च, अदरक और हरी मिर्च डालकर भून लें।
अब इसमें दही में मिक्स किए हुए चावल डाल दें। 3-4 मिनट तक पकाकर हरा धनिया डालकर सर्व करें। गरमागरम कर्ड राइस नारियल की चटनी के साथ सर्व करें।

सोमवार, 14 जून 2010

कुरकुरी अरबी




सामग्री-
500 ग्राम अरबी, 100 ग्राम सरसों का तेल, 1 चुटकी हींग, 1/2 टी स्पून अजवायन, 1/2 टी स्पून जीरा, 1 टी स्पून हल्दी पाउडर, 1 टी स्पनू धनिया पाउडर, 2-3 हरी मिर्च, 1 इंच का टुकड़ा अदरक, 1/4 लाल मिर्च पाउडर, 1/4 टी स्पून गरम मसाला पाउडर, 1/4 टी स्पून अमचूर पाउडर, नमक स्वादानुसार, 1 टे.स्पून हरा धनिया।

विधि-
अरबी को उबालकर छील लें ठंडा कर दोनों हथेलियों के बीच में दबाकर चपटा कर लें।
कड़ाही में तेल गरम करके अरबी उसमें डालकर लाल फ्राई कर लें।
अब एक दूसरी कड़ाही में एक टे.स्पून तेल डालकर उसमें हींग, जीरा और अजवायन डालकर लाल होने दें। हरी मिर्च और अदरक डालकर भून लें, अरबी डालकर ऊपर से सारे सूखे मसाले डालकर 2 मिनट तक चलाते रहे। हरे धनिये से सजाकर पराठे या पूड़ी के साथ सर्व करें।

गुरुवार, 10 जून 2010

क्रिस्पी आलू चाट

सामग्री-
8 आलू छीलकर लम्बे काटे हुए, 1 टी स्पून उबली हुई मटर, 2 हरी मिर्च, 1 कप बारीक कटी प्याज, टमाटर और हरा धनिया, चौथाई टी स्पून काली मिर्च पाउडर, 1 चुटकी लाल मिर्च, 2 चुटकी गर्म मसाला पाउडर, 2 टे.स्पून मक्की का आटा, तलने के लिये तेल, चाट मसाला स्वादानुसार, 2 टे.स्पून नींबू का रस।

विधि-

कटे हुए आलुओं को धोकर बाउल में रख दें। नमक, काली मिर्च पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला पाउडर को अच्छी तरह मिला लें और कटे हुए आलुओं पर डालकर अच्छी तरह मिला लें और आधे घंटे के लिए रखे रहने दें।
मेरीनेट किये हुये आलुओं पर मक्की का आटा भी डाल दें। कड़ाही में तेल गर्म करें जब तेल गर्म हो जाये तो मेरीनेट किये हुए आलुओं को गर्म तेल में गोल्डन ब्राउन तलकर सोख्ता कागज पर निकाल लें जिससे उनका अतिरिक्त तेल निकल जाये।
गर्मागर्म क्रिस्पी आलुओं पर चाट मसाला और कुछ बूंदे नींबू का रस भी डाल दें। उबली हुई मटर के दानों, अदरक के लच्छे, टमाटर, बारीक कटी हुई प्याज, हरा धनिया और हरी मिर्च से सजा दें, भुना पिसा जीरा पाउडर और नींबू का रस डालकर तुरन्त सर्व करें।

नोट- आप चाहें तो आलू चाट पर थोड़ी सी बीकानेरी भुजिया या अपनी कोई भी मनपसंद नमकीन भी डालकर सर्व कर सकते हैं

शाही टुकड़ा


सामग्री-
8 स्लाइस ब्रेड के, तलने के लिए घी, 2 कप चीनी, 3 कप पानी, 2 हरी इलायची।

विधि-
प्रत्येक ब्रेड के स्लाइस को चार टुकड़ों में काट लें। ब्रेड को गर्म घी में सुनहरा होने तक तले। घी से निकालकर पेपर पर रख दें जिससे अतिरिक्त घी निकल जाये।
पानी और चीनी की चाशनी बना लें, इसमें हरी इलायची डालकर 7 मिनट तक उबलने दें। तले हुए बे्रड के पीस चाशनी में डुबो दें। चाशनी से निकालकर प्लेट में निकालकर सर्व करें।

बुधवार, 9 जून 2010

चना दाल पुलाव


सामग्री-
1 कप बासमती चावल, 2 प्याज (बारीक कटी), 2 टे.स्पून घी, 1 कप चने की दाल (उबली हुई), 1 कप पानी, 1/2 टी स्पून हल्दी पाउडर, नमक स्वादानुसार, 1 टे.स्पून नींबू का रस, टमाटर और प्याज के स्लाइस।

विधि-
चावल को 15 मिनट के लिए भीगने दें। चावलों को पानी से निकाल लें और एक पैन में घी गर्म करें इसमें भीगे हुए चावल डालकर 5 मिनट तक फ्राई करें।
कुकर में 2 टे.स्पून घी गर्म करें, जब घी गर्म हो जाये तो उसमें बरीक क कटी प्याज डालकर ब्राउन होने तक फ्राई करें।
अब इसमें उबली हुई चने की दाल, पानी, नमक, हल्दी पाउडर और फ्राइड राइस डालकर कुकर बंद करे 1 सीटी बजने तक पकाये। जब चावल पक जाये तो प्याज और टमाटर के स्लाइस से सजाकर सर्व करें।